Jamshedpur News:- जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने धनबाद के बाघमारा स्थित जमनिया चाल धंसान को एक साधारण हादसा नहीं, बल्कि हत्या जैसी साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि निर्दोष मजदूरों को जानबूझकर जमीन में जिंदा दफना दिया गया और सबूत मिटाने की कोशिश की जा रही है। गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि इस गंभीर मुद्दे को वे झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में उठाने के लिए नोटिस दे चुके हैं। यदि जरूरत पड़ी, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भी इस मामले का विस्तृत डोजियर सौंपा जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल के इस क्षेत्र में अवैध खनन और कोयला व्यापार का संगठित जाल फैला हुआ है, जिसे प्रशासन और कुछ राजनीतिक रसूखदारों का संरक्षण प्राप्त है। एनडीआरएफ की टीम बुधवार से मौके पर मौजूद है, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अभी तक हाईड्रा या जेसीबी मुहैया नहीं कराई है।
सरयू राय ने बताया कि उन्होंने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और पाया कि चाल धंसान वाली जगह पर कोयला और पत्थरों से गड्ढा भर दिया गया है और ऊपर ताजा मिट्टी की परत डाल दी गई है। यह स्पष्ट संकेत है कि दुर्घटना को छिपाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि इलाके में अवैध वसूली का गिरोह सक्रिय है जो मजदूरों से प्रति टन कोयला लोडिंग पर 1600 रुपये तक की अवैध राशि वसूलते हैं।
सरयू राय ने कहा कि यह पूरा मामला दबंगों, खनन माफिया और राजनीतिक संरक्षण के तहत चल रहे एक संगठित अपराध का हिस्सा है और इसकी जांच सर्वोच्च स्तर पर होनी चाहिए ताकि दोषियों को सजा मिल सके।

