Ranchi News:- झारखंड में राजनीति लगातार गरमाई हुई है और इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ कहा है कि राजनीतिक लड़ाई सीधी होनी चाहिए, इसमें नेताओं के परिवार और सहयोगियों को निशाना बनाना गलत परंपरा है। बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी अपनी जगह है, लेकिन इस प्रतिस्पर्धा में नेताओं के समर्थकों, विशेषकर महिलाओं और परिवार के लोगों को घसीटना राजनीतिक शुचिता के खिलाफ है।”
उन्होंने लिखा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की पत्नी पर 47वां मुकदमा दर्ज किया गया है और उनके समर्थक देवता पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हुए कहा कि संभव है यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की जानकारी के बिना हुई हो और इसके पीछे कुछ महत्वाकांक्षी अधिकारियों का हाथ हो।
मरांडी ने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि ऐसे अफसर वही हो सकते हैं जिन्होंने अतीत में भी निजी स्वार्थ के लिए सरकार को गुमराह किया और मुख्यमंत्री को विवादों में डाला। उन्होंने हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि वे इस मामले का संज्ञान लें और यह सुनिश्चित करें कि सत्ता का दुरुपयोग कर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई न हो।
मरांडी की यह प्रतिक्रिया भाजपा नेता निशिकांत दुबे से जुड़े मामलों को लेकर सामने आई है, जो इन दिनों झारखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

