Nawada News:- बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए चलाए जा रहे वाहन जांच अभियान के तहत नवादा जिले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जौली थाना क्षेत्र के चितरकोली समेकित जांच चौकी पर की गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को चेकिंग के दौरान झारखंड से आ रही एक यात्री बस की तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस में रखे बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में हंड्रेड पाइपर डीलक्स व्हिस्की की 750 एमएल वाली 25 बोतलें, ब्लैक डॉग ट्रिपल गोल्ड व्हिस्की की 5 बोतलें, ब्लैक डॉग ब्लैक रिजर्व की 5 बोतलें और ब्लेंडर प्राइड की 3 बोतलें शामिल थीं।
इस मामले में पुलिस ने सिवान जिले के दडरौंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत खडसरा गांव निवासी मोनू कुमार, पिता जय किशोर सिंह को गिरफ्तार किया है।
एक अन्य कार्रवाई में, स्कूटी (संख्या BR 21 X 5889) की जांच के दौरान पुलिस को देशी शराब मिली। इस मामले में रजौली थाना क्षेत्र के परमेश्वर बिगहा गांव निवासी अनीश कुमार, पिता जदु राजवंशी को गिरफ्तार किया गया है।
समेकित जांच चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि झारखंड से बिहार में अवैध रूप से शराब लाने की कोशिश लगातार हो रही है, लेकिन जांच चौकियों पर तैनात टीम इसे रोकने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। गिरफ्तार दोनों युवकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

