Jammu News:- लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है। मंगलवार तड़के करीब 3,536 तीर्थयात्रियों का नया जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जम्मू से रवाना हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भगवती नगर आधार शिविर से यह 20वां जत्था सुबह 3:33 से 4:09 के बीच 132 वाहनों में घाटी की ओर बढ़ा।
इस जत्थे में 2,601 पुरुष, 822 महिलाएं, 11 बच्चे और 102 साधु-साध्वियां शामिल हैं। इन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और जम्मू-कश्मीर पुलिस की सुरक्षा में रवाना किया गया।
तीर्थयात्रियों का पहला काफिला 48 वाहनों में 1,250 श्रद्धालुओं को लेकर गांदरबल जिले के बालटाल रूट के लिए निकला, जो छोटा लेकिन कठिन चढ़ाई वाला 14 किलोमीटर लंबा रास्ता है। वहीं दूसरा काफिला 84 वाहनों में 2,286 यात्रियों को लेकर पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम रूट से यात्रा पर रवाना हुआ।
3 जुलाई से शुरू हुई इस पवित्र यात्रा में अब तक 3 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित भगवान शिव की पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं, जहां प्राकृतिक रूप से बर्फ से निर्मित शिवलिंग विराजमान होता है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 2 जुलाई को पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी। तब से अब तक जम्मू आधार शिविर से कुल 1,27,541 श्रद्धालु घाटी की ओर रवाना हो चुके हैं।
हालांकि, हाल के दिनों में बारिश और मौसम की अनिश्चितता के कारण श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ी गिरावट देखी गई है। इसी वजह से अब मौके पर पंजीकरण प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है और केवल भगवती नगर आधार शिविर पर ही पंजीकरण हो रहा है।
अब तक 4 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन पंजीकरण कर चुके हैं। पिछले साल करीब 5.10 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। इस वर्ष की यात्रा 38 दिनों तक चलेगी और 9 अगस्त को समाप्त होगी।

