Patna News:- पटना उच्च न्यायालय को लंबे समय के इंतजार के बाद नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। सोमवार को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली को पटना हाई कोर्ट के 45वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई। यह समारोह राजभवन में आयोजित किया गया था। इस अवसर पर बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी न्यायमूर्ति पंचोली की नियुक्ति से संबंधित पत्र पढ़कर सुनाया, जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
57 वर्षीय न्यायमूर्ति विपुल पंचोली मूल रूप से गुजरात के अहमदाबाद से हैं। उन्होंने वर्ष 1991 में गुजरात उच्च न्यायालय में वकील के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके अलावा वह अहमदाबाद के सर एलए शाह लॉ कॉलेज में विजिटिंग फैकल्टी भी रहे हैं।
उन्हें 2014 में गुजरात हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था और 2016 में स्थायी न्यायाधीश बनाए गए। वर्ष 2023 में उनका स्थानांतरण पटना उच्च न्यायालय में हुआ था, जहां वे 24 जुलाई 2023 से न्यायाधीश के रूप में कार्य कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 15 जनवरी 2024 से पटना हाई कोर्ट में कोई नियमित मुख्य न्यायाधीश नहीं था, क्योंकि पूर्व मुख्य न्यायाधीश विनोद के. चंद्रन को सुप्रीम कोर्ट में पदोन्नत कर दिया गया था। इस अवधि में न्यायमूर्ति आशुतोष कुमार ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी निभाई थी, जिन्हें हाल ही में गुवाहाटी हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायाधीश सुधीर कुमार सिंह 22 जुलाई को पटना हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में शपथ लेंगे। वे न्यायमूर्ति पंचोली और पीबी बजंथरी के बाद तीसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश होंगे।


