Palamu News:- पलामू जिला के मेदिनीनगर स्थित मां उग्रतारा एकेडमी में एक शिक्षक द्वारा की गई क्रूर पिटाई की घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है। मामूली बात को लेकर शिक्षक ने एक पांचवीं कक्षा के छात्र 12 वर्षीय अंश कुमार की इस कदर पिटाई कर दी कि उसकी एक आंख की काली पुतली (रेटिना) फट गई।
यह घटना बारालोटा के हनुमान नगर क्षेत्र की है। परिजनों के अनुसार, शिक्षक विकास कुमार उर्फ विक्की ने अंश को इतनी बेरहमी से मारा कि वह बेसुध हो गया। जब परिजन स्कूल पहुंचे तो बच्चा बेहोशी की हालत में था। स्कूल प्रशासन ने आनन-फानन में बच्चे को निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर प्रसुन्न कुमार ने बताया कि आंख की गंभीर चोट के कारण तत्काल ऑपरेशन जरूरी है, इसलिए बच्चे को रांची रेफर किया गया।
बच्चे के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचाने के बाद शिक्षक और अन्य स्टाफ मौके से फरार हो गए। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और उन्होंने जिला प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और बच्चे के इलाज की व्यवस्था की मांग की है।
वहीं, स्कूल प्राचार्य बबन सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि यह एक “दुर्घटनावश घटना” है। उनके अनुसार, शिक्षक विकास किसी अन्य छात्र को छड़ी से मार रहे थे, तभी छड़ी टूट गई और उसका टुकड़ा अंश की आंख में जा लगा।
फिलहाल, मामला जांच के अधीन है और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जा रही है।

