Ranchi News:- भाजपा और हिंदू नेता भैरव सिंह को शनिवार को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी चुटिया थाना में दर्ज एक पुराने मामले के तहत की गई है। सूत्रों के अनुसार, भैरव सिंह एक लड़की से जुड़े प्रकरण में पंडरा ओपी का घेराव करने पहुंचे थे। इसी दौरान मौके पर पहुंची चुटिया थाना की पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
चुटिया थाना प्रभारी लक्ष्मीकांत ने जानकारी दी कि यह गिरफ्तारी थाना कांड संख्या 125/25 के तहत हुई है, जो नगर निगम के टेंडर विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि भैरव सिंह द्वारा पैसे की मांग की गई थी और पैसे नहीं देने पर मारपीट की गई थी।
गिरफ्तारी के बाद भैरव सिंह को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया और फिर जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि भैरव सिंह पहले भी विवादों में रहे हैं। नवंबर 2024 में रांची जिला प्रशासन ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए 20 दिनों के लिए रांची से जिलाबदर कर दिया था। यह कार्रवाई रांची पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर जिला उपायुक्त द्वारा की गई थी।

