Katihar News:- कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार महिला की पहचान मीना देवी (45 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय बुट्टु पासवान के रूप में हुई है, जो रौतारा थाना अंतर्गत खुदना गांव की निवासी है। रौतारा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंदपुर ओवरब्रिज के पास एक महिला संदिग्ध हालत में बैठी है और उसके पास भारी मात्रा में नशे का सामान है।
सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। तलाशी लेने पर उसके झोले से चार प्लास्टिक के डब्बों में भरी हुई 822.2 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी के नेटवर्क से जुड़ने में किया जा रहा था।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) अभिजीत कुमार सिंह ने बताया कि महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाई और किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाली थी।
कटिहार जिले में लगातार नशा तस्करी के मामलों में इज़ाफा हो रहा है, जिसे देखते हुए पुलिस ने सघन निगरानी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे नशे के अवैध धंधे को रोकने में मदद मिलेगी।

