Rohtas News : जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के जागोडीह गांव में गुरुवार को पौधा उखाड़ने के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। एसपी रौशन कुमार ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मृतक किसान की पहचान विरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सरकारी भूमि पर करेला और कटहल का पौधा लगाने को लेकर विवाद हुआ था। गुरुवार को कुछ लोगों ने किसान विरेन्द्र सिंह के पौधे उखाड़ दिए, जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी आलोक कुमार और अर्जुन सिंह मेहता ने किसान को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल विरेन्द्र सिंह को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वंदना कर रही थीं। टीम में तिलौथु पुलिस अंचल निरीक्षक और अमझोर थानाध्यक्ष को भी शामिल किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आलोक कुमार और अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
एसपी ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा तेजी से कार्रवाई करने पर टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी विवाद को शांति और कानून के दायरे में रहकर सुलझाएं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

