Ranchi News:- झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन जुआ गिरोह का भंडाफोड़ किया है। रांची पुलिस की स्पेशल टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बरियातू थाना क्षेत्र के हाउसिंग कॉलोनी रोड नंबर-2 स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर 14 युवकों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके कब्जे से पांच लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन और 90 एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 17 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि बरियातू इलाके में कुछ युवक ऑनलाइन जुआ और गेमिंग के जरिए अवैध धंधा कर रहे हैं। तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई, जहां मौके से 14 युवक गिरफ्तार किए गए।
पूछताछ में पता चला कि ये सभी युवक बिहार के विभिन्न जिलों से रांची आए थे और पिछले एक महीने से यहां किराए के मकान में रहकर जुए का संचालन कर रहे थे। गिरोह के मास्टरमाइंड रांची में मौजूद नहीं रहते थे, लेकिन ऑनलाइन और कभी-कभी व्यक्तिगत रूप से आकर निर्देश देते थे। पुलिस के अनुसार इन युवकों को प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये तनख्वाह दी जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव कुमार, आलोक बलजीत, समीत कुमार, दिलीप कुमार, लव कुमार, नीतीश कुमार, अंजन कुमार, सुबोध कुमार, कृष्ण कुमार, साजन कुमार, अरुष यादव, पंकज कुमार, विवेक कुमार और रौशन कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों से हैं और संगठित गिरोह का हिस्सा बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की तहकीकात में जुटी है।

