Ranchi News;- राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिस्का मोड़ के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। टंगरा टोली स्थित एक पुराने और लंबे समय से बंद सरकारी स्कूल की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौके पर ही मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह स्कूल भवन काफी वर्षों से बंद पड़ा था और उसकी हालत बेहद जर्जर हो चुकी थी। अक्सर यहां कुछ लोग रात में आकर रुकते थे या आसपास खड़े रहते थे। शुक्रवार सुबह भी कुछ लोग इमारत के पास खड़े थे और कुछ अंदर मौजूद थे, तभी अचानक छत गिर गई और सब कुछ मलबे में दब गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सुखदेवनगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई है, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। यह स्कूल एक सरकारी भवन था, जिसे जर्जर हालत के चलते काफी समय पहले बंद कर दिया गया था।
स्थानीय लोग प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और जर्जर भवनों को समय पर ध्वस्त न करने की आलोचना कर रहे हैं।

