Ranchi News:- राजधानी रांची में तुपुदाना ओपी पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित खूंटी जिले के रहने वाले हैं और इनके पास से 1.7 किलोग्राम अफीम और एक केटीएम बाइक बरामद की गई है।इसकी जानकारी डीआईजी सह एसएसपी चंदन सिन्हा ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि तुपुदाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत वास्तु विहार, कैंपस (हरदाग) में दो संदिग्ध व्यक्ति अफीम लेकर बिक्री की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर छापेमारी की और कैलाश मुंडा एवं सुगना मुंडा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अफीम की तस्करी की बात स्वीकार की। बरामद अफीम का बाजार मूल्य लाखों रुपये में आंका जा रहा है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनका संबंध किस तस्करी गिरोह से है और अफीम कहां से लाया गया था तथा इसे कहां सप्लाई किया जाना था। एसएसपी ने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान और तेज़ किया जाएगा।

