Patna News:- राजधानी पटना में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित पारस हॉस्पिटल के अंदर कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह हत्या उस समय हुई जब चंदन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती था और पैरोल पर बाहर आया हुआ था।
बाइक से आए बदमाश, वार्ड में घुसकर मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, दो बाइक सवार बदमाश पारस हॉस्पिटल परिसर में दाखिल हुए और सीधे वार्ड में पहुंचकर चंदन मिश्रा पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अस्पताल के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
चर्चित चूना व्यवसायी हत्याकांड का दोषी था चंदन
चंदन मिश्रा बक्सर के चर्चित चूना व्यवसायी राजेंद्र केसरी हत्याकांड का मुख्य दोषी था, जिसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह फिलहाल भागलपुर जेल में बंद था, लेकिन पिछले 15 दिनों से पटना के पारस हॉस्पिटल में इलाज के लिए पैरोल पर आया हुआ था।
शेरु-चंदन गैंग से जुड़ा मामला, गैंगवार की आशंका
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि चंदन मिश्रा के खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। उन्होंने आशंका जताई कि यह हत्या आपसी गैंगवार का परिणाम हो सकती है। चंदन का नाम शेरु-चंदन गैंग से जुड़ा रहा है, जिसके कई मामलों की फाइल पुलिस के पास पहले से खुली है।
सुरक्षा पर उठे सवाल, अस्पताल की भूमिका संदिग्ध
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अस्पताल के अंदर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई। आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि इतनी चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच बदमाशों का वार्ड तक पहुंचना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस को संदेह है कि अंदरूनी मिलीभगत के बिना यह हमला संभव नहीं था। अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।


