Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति भयावह हो गई है। हालत इतनी खराब है कि पलामू के सांसद वीडी राम का सरकारी आवास भी पानी में डूब गया है। सिर्फ सांसद ही नहीं, चैनपुर, रेड़मा, समदा अहरा, झरना टोला और भगवती अस्पताल क्षेत्र में कई घरों में घुटनों से ऊपर तक पानी भर चुका है। स्थानीय लोग परेशान हैं और नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेता रूचिर तिवारी ने इस स्थिति को “विकास का झूठा चेहरा” करार देते हुए पूर्व मेयर, विधायक और सांसद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में कभी भी जल निकासी की कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। केवल तालाबों की सुंदरता बढ़ाने का दिखावा किया गया, जबकि बरसात के पानी की निकासी की अनदेखी होती रही।
रूचिर तिवारी ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों ने ठेकेदारों से मिलकर विकास के नाम पर खुली लूट मचाई। उन्होंने कहा कि बड़े नालों और जल निकासी मार्गों को अतिक्रमण कर मकान बना दिए गए हैं। गुरुसूती, टेड़वा नदियों और पनेरी बांध के जल क्षेत्र तक पर कब्जा कर लिया गया है।
पूर्व मेयर अरुणा शंकर पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने बड़ा तालाब की जमीन पर अतिक्रमण किया और पानी के बहाव को रोका, जिसे मछुआरों के विरोध के बाद रोका गया।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि जल निकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाकर ईमानदारी से जल निकासी की योजना लागू की जाए।

