Nalanda News: बिहार थाना क्षेत्र के पक्की तालाब मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक सनकी प्रेमी ने शादीशुदा महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के पीछे जमीन में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके निशानदेही पर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृत महिला की पहचान मखदूमबाग निवासी फजल खान की 20 वर्षीय पत्नी सोनम के रूप में हुई है। सोनम 10 जुलाई से ही घर से गायब थी। परिजनों ने पहले ही महिला के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पति ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा बार-बार कह रहा था कि पड़ोस में रहने वाला मोहम्मद जिशान उनकी मां को बुलाकर ले गया था। तभी से वह लापता थी।
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि मृत महिला और आरोपी के बीच पिछले एक साल से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही मकान में किराए पर रहते थे और चोरी-छिपे मुलाकात करते थे। घटना वाले दिन महिला आरोपी जिशान से पैसे की मांग कर रही थी, जिससे झगड़ा शुरू हो गया। इस दौरान महिला ने युवक पर डंडे से हमला कर दिया, गुस्से में आकर जिशान ने गला दबाकर महिला की जान ले ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवक अविवाहित है जबकि महिला शादीशुदा थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। पुलिस जांच कर रही है कि इस हत्या में कोई और भी शामिल था या नहीं। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा।

