Saharsa News: जिले में होमगार्ड की बहाली प्रक्रिया के दौरान चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक एएसआई को प्यास लगने पर पानी मांगना भारी पड़ गया। सोमवार को सहरसा के स्थानीय स्टेडियम में सैकड़ों पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में एएसआई अरमान कुमार के सिर पर पानी मांगने के कारण हमला कर दिया गया। घायल अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक होमगार्ड बहाली के लिए स्टेडियम में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें इन्फो क्लेव नामक निजी एजेंसी टेक्निकल सपोर्ट दे रही थी। एएसआई अरमान कुमार की ड्यूटी वेटिंग एरिया में थी जबकि एजेंसी कर्मी सामने रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बैठे थे। तेज धूप और उमस के कारण एएसआई ने सामने बैठे एजेंसी कर्मी से पानी मांगा लेकिन कर्मी ने मना कर दिया। जब एएसआई ने दोबारा पानी मांगा तो गुस्से में आकर एजेंसी कर्मी ने उनपर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
घटना की पुष्टि करते हुए होमगार्ड कमांडेंट संदीप कुमार ने बताया कि इसे सामान्य मारपीट नहीं कहा जा सकता। दोनों के बीच मामूली बहस झड़प में बदल गई। मामले की सूचना डीएम और एसपी को दे दी गई है और उच्चस्तरीय जांच के लिए कमेटी गठित की जा रही है। दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई होगी।
इस घटना के बाद सहरसा शहर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस महकमे में भी इस घटना से आक्रोश व्याप्त है कि पुलिसकर्मी भी ड्यूटी पर सुरक्षित नहीं हैं। फिलहाल घायल एएसआई का इलाज जारी है।

