Patna News:- राजधानी पटना में शुक्रवार को प्रेम संबंध के दौरान एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई। यह मामला शनिवार को तब सामने आया जब पुलिस को सूचना मिली कि एक लड़की को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की की उम्र लगभग 16 वर्ष और लड़के की उम्र 17 वर्ष बताई जा रही है। दोनों नाबालिग हैं।
जानकारी के मुताबिक, मृतका जहानाबाद जिले की रहने वाली थी और अपने प्रेमी के बुलावे पर पटना आई थी। लड़का उसे अपने एक दोस्त के किराए के मकान में ले गया था। वहीं दोनों के बीच शारीरिक संबंध बना। इसी दौरान लड़की को अचानक तेज ब्लीडिंग होने लगी और उसकी हालत बिगड़ने लगी।
घबराए लड़के ने उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए PMCH भेजा।
पुलिस ने नाबालिग लड़के को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में किशोरों के बीच बढ़ती यौन जिज्ञासा, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और सेक्स एजुकेशन की कमी को उजागर कर दिया है। किशोरावस्था में रिश्तों को लेकर लापरवाही और बिना मार्गदर्शन के ऐसे फैसले कई बार घातक साबित हो जाते हैं।
पटना पुलिस के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है और परिवारवालों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


