Araria News: बिहार के अररिया जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग में विश्वासघात का खौफनाक अंजाम देखने को मिला। सिकटी थाना क्षेत्र के फुटानी चौक के पास स्थित बांस की झाड़ी में गुरुवार को 16 वर्षीय युवक साकिम का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
साकिम, जो सालगुड़ी चकना गांव निवासी मो. नसीम का बेटा था, दो दिन पहले मोबाइल खरीदने के बहाने घर से निकला था और फिर लौटकर नहीं आया। काफी तलाश के बाद जब उसका शव बांस की झाड़ी में लटका मिला तो गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ रामपुकार सिंह और सिकटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, साकिम का प्रेम-प्रसंग फुटानी चौक की एक लड़की से चल रहा था और वह उसे पाने के लिए काफी बेचैन रहता था। दो दिन पहले उसके दोस्त बाबू लाल ने उसे लड़की से मिलने का लालच देकर बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि बाबू लाल ने साजिश के तहत साकिम की हत्या की और उसी की प्रेमिका को लेकर फरार हो गया।
मृतक के परिवार ने दावा किया कि लड़की बेहद खूबसूरत थी और इसी वजह से बाबू लाल ने अपने दोस्त से गद्दारी कर दी। फिलहाल बाबू लाल और वह लड़की दोनों ही अपने-अपने घरों से गायब हैं।
एसडीपीओ रामपुकार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। साकिम के मुंह पर खून के निशान और हाथ पर लिखे मोबाइल नंबर की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने 24 घंटे में मामले के खुलासे का दावा किया है।

