Patna News :- बिहार के भोजपुर जिले के आरा की रहने वाली और सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कार्यरत सपना कुमारी ने 21वें विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों (World Police and Fire Games) में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता अमेरिका के अलबामा स्थित बर्मिंघम शहर में 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक आयोजित हो रही है। सपना कुमारी ने तीरंदाजी के तीन विभिन्न वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने फील्ड आर्चरी और 3डी आर्चरी में स्वर्ण पदक जीता, जबकि टारगेट आर्चरी में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
सपना को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत की ओर से सीमा सुरक्षा बल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला था। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को न सिर्फ खेल जगत में बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
राज्य सरकार और खेल विभाग ने सपना की सफलता को प्रेरणास्पद करार दिया है और कहा कि यह जीत उन सभी खिलाड़ियों के लिए एक आदर्श है, जो सुरक्षा बलों में रहते हुए खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता हासिल करना चाहते हैं।
सपना कुमारी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि समर्पण और मेहनत से कोई भी बाधा पार की जा सकती है। उनकी सफलता पर पूरे बिहार को गर्व है, और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में वे देश के लिए और भी बड़े पदक लेकर लौटेंगी।


