Palamu News :- गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर शहर के धुरकी मोड़ के पास गुरुवार की अहले सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो वाहन जो खरसोता से दवा कराकर सोनडीहा (सगमा) की ओर जा रही थी, अचानक धुरकी मोड़ के नजदीक आग की चपेट में आ गई।
वाहन में सवार लोग यात्रा कर रहे थे, तभी अचानक बोलेरो से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर उमेश कुमार पासवान ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह चालक की सूझबूझ और तत्परता का ही नतीजा रहा कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
यात्रियों को बाहर निकालने के कुछ ही मिनटों बाद गाड़ी में आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते पूरी बोलेरो आग की लपटों में घिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्री सुरक्षित निकल गए। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल रहा।

