खगड़िया (बिहार): जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक महिला अपने पति के ममेरे भाई के साथ फरार हो गई है। महिला अपने साथ लगभग पांच तोला सोना, 50 हजार रुपये नगद, और दो छोटे बेटों को लेकर गायब हो गई, जबकि तीसरा बच्चा (बेटी) घर पर ही रह गया।
पीड़ित पति राहुल कुमार, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने बताया कि काम के सिलसिले में वह अक्सर रात में घर से बाहर रहते थे। इसी दौरान उसकी पत्नी सोनाली कुमारी की नजदीकियां उनके ममेरे भाई मंटू कुमार से बढ़ने लगीं। 30 जून की सुबह जब राहुल घर लौटे, तो देखा कि पत्नी घर पर नहीं है और अलमारी से सोना-नकदी भी गायब है।
राहुल ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन भी खरीदी थी और हरसंभव कोशिश की थी कि परिवार को एक बेहतर जीवन मिले। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “मैं दिन-रात गाड़ी चलाकर कमाता हूं ताकि परिवार का पेट भर सकूं। लेकिन अब मेरे ही सगे रिश्तेदार ने मेरा घर उजाड़ दिया।”
सबसे बड़ी चिंता यह है कि सोनाली अपने दो बच्चों को भी साथ ले गई है। राहुल ने परबत्ता थाना में लिखित शिकायत देकर मांग की है कि उनके बच्चों को जल्द से जल्द वापस लाया जाए। उन्होंने बताया कि सोनाली के मायके वाले अब उल्टे उन्हें धमका रहे हैं और केस करने की बात कर रहे हैं।
परबत्ता थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस महिला और बच्चों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय की आस लगाए बैठा है।


