Jammu News :- पवित्र अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू के यात्री निवास आधार शिविर में सोमवार को ट्रायल रन का आयोजन किया गया। इस दौरान यात्रियों को लेकर बसों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया। जम्मू के डिप्टी कमिश्नर अचिन कुमार वैश्य ने बताया कि यात्रा की सभी तैयारियों की गहन समीक्षा की गई है और यात्रियों की सुविधा के लिए आधार शिविर में समुचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष 38 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 03 जुलाई से बालटाल और पहलगाम मार्गों से आरंभ होगी। यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालु भाग लें, इसके लिए उन्होंने देशभर के श्रद्धालुओं से अपील की है। वैश्य ने बताया कि आज सरस्वती धाम से यात्रियों को यात्रा टोकन भी वितरित किए जाएंगे, जिससे सुगम और व्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित किया जा सके।
इससे पहले रविवार को सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया। भारतीय सेना, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने मिलकर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के समरोली और तोल्डी नाला क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया।
उधर, जम्मू के ऐतिहासिक मंडी स्थित राम मंदिर में अमरनाथ यात्रा से पूर्व श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखा गया। मंदिर ‘बम बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा है। देशभर से साधु-संत यहां एकत्र हो रहे हैं, जो पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए आगे बढ़ेंगे। मंदिर प्रशासन द्वारा यहां रहने, खाने, पानी और स्वच्छता की उत्तम व्यवस्था की गई है।

