पटना जेल से चल रही थी लूट की साजिश, मास्टरमाइंड बेऊर जेल में बंद
Bokaro News :- चास थाना क्षेत्र के आस्था ज्वेलर्स में 23 जून की शाम करीब छह बजे हुए डेढ़ करोड़ रुपये के आभूषण लूटकांड का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी पटना एसटीएफ और बोकारो पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह, राहुल पटेल, नितेश कुमार, प्रिंस कुमार, आदित्य राज और मुसाफिर हवारी शामिल हैं। इनसे लूटे गए 23 सोने की अंगूठियां, छह नेकलेस, एक ब्रेसलेट, ₹13,820 नकद, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक होंडा सिटी कार और एक हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। इस लूटकांड का मास्टरमाइंड पटना के बेऊर जेल में बंद कुख्यात अपराधी अविनाश श्रीवास्तव बताया जा रहा है। उसने जेल से ही पूरी साजिश को अंजाम दिलवाया।
गिरफ्तार प्रिंस कुमार और राहुल पटेल इससे पहले 19 जून को बोकारो के पेटरवार में शराब दुकान से ₹5 लाख की लूट में भी शामिल थे। पुलिस जांच में सामने आया कि 12-13 जून को करण उर्फ देवा, राहुल पटेल और वीरू उर्फ गोलू उर्फ रोनित ने चास और आस-पास के इलाकों की रेकी की थी। इसके बाद पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाढ़ गांव स्थित सिंह होटल में बैठकर लूट की प्लानिंग की गई।
सीसीटीवी फुटेज और खुफिया इनपुट के आधार पर अपराधियों को पकड़ा गया। अभी तक ₹7 लाख के जेवर बरामद हुए हैं। एसपी के मुताबिक, कुछ अपराधी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। इसके साथ ही स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की भी जांच हो रही है।

