Patna News: पटना के मरीन ड्राइव इलाके में बुधवार को एक बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस और कुख्यात अपराधियों के बीच जबरदस्त फायरिंग हुई। यह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में छिपे हुए हैं और भागने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद एसटीएफ (STF) की टीम मौके पर पहुंची।
जैसे ही STF और स्थानीय पुलिस ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की, बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में STF की टीम ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसकी पहचान कुख्यात अपराधी मोहम्मद रजा के रूप में हुई है। वह दो हत्या के मामलों में वांछित था और पहले भी कई संगीन अपराधों में शामिल रहा है।
एसटीएफ की कार्रवाई में मोहम्मद रजा को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में एक STF जवान भी घायल हो गया है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मोहम्मद रजा ने पुलिस पर 2-3 राउंड फायरिंग की, लेकिन उसका पिस्टल अचानक फंस गया, जिसका फायदा उठाकर STF ने उसे काबू में कर लिया।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा को हाल ही में पटना की कमान सौंपी गई है और उन्हें एक सख्त और तकनीकी रूप से दक्ष अधिकारी के रूप में जाना जाता है। यह मुठभेड़ उनके नेतृत्व में पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।


