East Champaran News:- जिले में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल के सरिसवा नदी में उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी में नहा रहे बच्चों को एक हैंड ग्रेनेड मिला। यह घटना मैत्री पुल के नीचे की है, जहां बच्चे नहाने के दौरान एक संदिग्ध वस्तु पाकर उसे खिलौना समझ बैठे और हाथ में लेकर इधर-उधर घूमने लगे।
इसी दौरान वहां मौजूद सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों की नजर बच्चों पर पड़ी। जब उन्होंने पास जाकर वस्तु को देखा, तो वह चौंक गए — वह एक असली हैंड ग्रेनेड था। जवानों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया और इलाके को सुरक्षित किया।
SSB अधिकारियों ने तुरंत पूरे सरिसवा नदी क्षेत्र और उसके आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। उन्हें आशंका है कि यह ग्रेनेड अकेला नहीं हो सकता और और भी हथियार या विस्फोटक नदी में फेंके गए हो सकते हैं।
प्रारंभिक जांच में संदेह जताया जा रहा है कि किसी आतंकी संगठन ने नेपाल के रास्ते भारत में विस्फोटक पहुंचाने की कोशिश की हो। लेकिन सीमा पर कड़ी निगरानी को देख, शायद ग्रेनेड को नदी में फेंक दिया गया।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं। साथ ही सीमा पर सुरक्षा और सख्त कर दी गई है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भय का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध वस्तु मिलने पर तुरंत पुलिस या SSB को सूचित करें।

