East Champaran News:- जिले के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडिगांवा गांव में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर लीक हो गया, जिससे भयंकर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन घर जलकर राख हो गए।
घटना उत्तरी सुगांव पंचायत के वार्ड नं. 3 में हुई। ग्रामीणों के अनुसार, खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। घर में मौजूद लोग किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले, लेकिन तब तक शिवपूजन सहनी, भगीरथ सहनी और जलेश्वर सहनी के घरों में आग फैल चुकी थी।
आग लगने से घर में रखे सभी सामान – सोने-चांदी के गहने, लाखों रुपये नकद, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी चीजें – जलकर राख हो गए।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने सभी प्रयास नाकाम साबित हुए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रशासन की ओर से अंचल अधिकारी (सीओ) कुंदन कुमार ने बताया कि नुकसान का आंकलन करने के लिए राजस्व कर्मचारी को गांव भेजा गया है। जल्द ही पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
इस हादसे से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे और पुनर्वास की मांग की है।

