Hazaribag News:- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंदलपुरा पंचायत के जोराकाठ गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे छह वाहनों और एक जनरेटर को आग के हवाले कर दिया। जिन मशीनों को फूंका गया, उनमें दो जेसीबी मशीनें, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर, एक पानी टैंकर और एक जनरेटर शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को किसने अंजाम दिया—यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इसमें उग्रवादियों या संगठित अपराधियों का हाथ हो सकता है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पहले भी इस तरह की घटनाएं घट चुकी हैं, जिससे विकास कार्यों में रुकावट आ रही है। पुलिस ने घटना के पीछे के कारणों की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

