Dehri on son News:- बिहार के डेहरी आन सोन में नकली सिगरेट बनाने वाली एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। शनिवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा-बलथुआ इलाके में स्थित वृंदावन मार्केट के बेसमेंट में संचालित एक अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में नकली सिगरेट, कच्चा माल और मशीनें जब्त कीं। इस कार्रवाई का नेतृत्व सासाराम एसडीपीओ दो कुमार वैभव ने किया।
पुलिस ने फैक्ट्री से सिगरेट बनाने वाली मशीन, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जब्त की है। इसके अलावा 3 करोड़ रुपये की तैयार नकली सिगरेट और 1 करोड़ का कच्चा माल भी बरामद हुआ है। फैक्ट्री में गोल्ड फ्लैक समेत करीब दस ब्रांड के नाम पर सिगरेट तैयार की जा रही थी, जो पूरी तरह नकली थीं और बड़े पैमाने पर बाजार में खपाई जा रही थीं।
इस मामले में फैक्ट्री के संचालक गोपाल ओझा, जो उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र स्थित सिंदुरिया गांव के निवासी हैं, को पुलिस ने शहर के राजकालोनी स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया। साथ ही फैक्ट्री में सुपरवाइजर की भूमिका निभा रहे राजेश कुमार मिश्रा (निवासी – वाराणसी, बड़ागांव) को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया है कि यह अवैध फैक्ट्री पिछले सात वर्षों से संचालित हो रही थी। फैक्ट्री में इस्तेमाल हो रहे 50 एचपी क्षमता के जेनरेटर को भी पुलिस ने सीज कर लिया है। एसपी रौशन कुमार ने बताया कि इस फर्जीवाड़े की गुप्त सूचना मिलने पर एक विशेष छापामारी टीम बनाई गई थी, जिसमें सासाराम नगर थानाध्यक्ष, पुलिस इंस्पेक्टर राहुल कुमार, सब-इंस्पेक्टर अजय कुमार और प्रभात कुमार शामिल थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट की ये खेप कहां-कहां सप्लाई की जाती थी और इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

