Bhagalpur News:- बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। विक्रमशिला पुल पहुंच पथ के पास दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत में 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे में कटिहार से भागलपुर आ रही शोभा बस और भागलपुर से कटिहार की ओर जा रही समीर बस की सीधी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में समीर बस में सवार यात्रियों को अधिक चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, समीर बस में सवार अधिकांश यात्री अररिया जिले के मदनपुर गांव के रहने वाले थे, जो 18 जून को रांची शिव चर्चा कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे 19 जून को समीर बस से लौट रहे थे।
रास्ते में विक्रमशिला पुल के पास ओवरटेक करने के दौरान समीर बस का संतुलन बिगड़ा और सामने से आ रही शोभा बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्री घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परबत्ता थाना, नवगछिया थाना, यातायात थाना और ट्रैफिक डीएसपी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए दोनों क्षतिग्रस्त बसों को हटवाकर सड़क पर यातायात बहाल किया, जो करीब तीन घंटे तक ठप रहा था।
पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई जब उनकी बस ओवरटेक कर रही थी और सामने से तेज गति में दूसरी बस आ रही थी।


