Patna News:- बिहार के लखीसराय जिले में अपराधियों ने मंगलवार की रात एक बड़ा खूनी खेल खेला। पिपरिया थाना क्षेत्र के ओलीपुर रामचंद्रपुर गांव में अज्ञात हमलावरों ने गांव के मुखिया और पैक्स सदस्य को गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान मुखिया चंदन कुमार, जो अनिल सिंह के पुत्र थे, और पैक्स सदस्य चंदन कुमार, जो अरविंद कुमार सिंह के पुत्र थे, के रूप में की गई है। दोनों मृतक ओलीपुर गांव के ही निवासी थे और स्थानीय राजनीति से जुड़े हुए थे।
घटना मंगलवार की रात करीब मध्यरात्रि की है, जब दोनों किसी परिजन के श्राद्धकर्म में शामिल होकर घर लौट रहे थे। तभी हनुमान गली के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने दोनों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस वारदात से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
गोलियों की आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर भाग चुके थे। घायल अवस्था में दोनों को आनन-फानन में लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि दोनों को पहले से धमकियां मिल रही थीं, लेकिन पुलिस ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है, जो अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
फिलहाल, इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।


