East Champaran News:- बिहार के रक्सौल स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी एक बार फिर नजर आई है। मंगलवार को एसएसबी ने मैत्री पुल के पास एक चाइनीज नागरिक को अवैध रूप से भारत में घुसने की कोशिश करते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए चीनी नागरिक की पहचान हुजेसी के रूप में हुई है, जो बिना वैध वीजा नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने उसके साथ मौजूद एक नेपाली गाइड को भी पकड़ा है, जो उसे अवैध रूप से भारत में प्रवेश कराने में मदद कर रहा था।
पूछताछ में सामने आया कि हुजेसी के पास भारत में घुसने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं था। दोनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह जानने में जुटी हैं कि हुजेसी भारत में किस उद्देश्य से घुसना चाहता था।
साथ ही नेपाली गाइड के पीछे किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका को भी खारिज नहीं किया जा रहा है। एजेंसियां पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि वह पहले भी कितने विदेशी नागरिकों को इसी तरह भारत में प्रवेश करा चुका है।
गौरतलब है कि बीते एक महीने में पांच विदेशी नागरिकों, जिनमें अधिकांश चाइनीज हैं, को भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया गया है। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि बॉर्डर पर गश्त और निगरानी को और सख्त कर दिया गया है। साथ ही भारतीय खुफिया एजेंसियां भी हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

