Nalanda News: एक सिरफिरे आशिक ने घर में घुसकर पहले प्रेमिका की मां और प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा दिया। घटना में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। युवक को पावापुरी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना सिलाव थाना क्षेत्र के सिंह कॉलोनी की है। मृतकों में योगेंद्र राम की 40 वर्षीया पत्नी पुटूस देवी व उनकी 18 साल की बेटी पूनम कुमारी शामिल थीं। वहीं घायल सिरफिरा चंडी मऊ गांव का निवासी राजीव कुमार का 25 वर्षीय मनीष कुमार है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग में हुई घटना बता रही है।

जानकारी अनुसार युवती की शादी तय हो चुकी थी। 28 अप्रैल को बारात आने वाली थी। 22 अप्रैल को तिलक समारोह था। इसकी तैयारी घर में चल रही थी। गोली मारने वाला युवक आरोपित युवती के भाई का दोस्त है। युवक युवती से जबरन शादी करना चाहता था। शादी तय होने की खबर मिलने के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
बताया जाता है कि घटना को अंजाम देने के लिए युवक युवती के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा युवती की मां ने खोला। इसके बाद बिना कुछ कहे युवक ने महिला को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर बेटी दरवाजे पर पहुंची तो उसे भी गोली मार दी। इससे मां-बेटी की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपित ने खुद के सिर में भी गोली मार ली। मौके पर पहुंची पुलिस जख्मी युवक को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले गई है।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। एफएसएल की टीम जांच कर राहींहै,आसपास के लोगों से भी हत्या के कारण का पता किया जा रहा है,बताया जा रहा है कि हत्यारा मृतक युवती के भाई का दोस्त ही है और पूर्व से घर आना जाना था। वही पुलिस ने घटना स्थल से एक पिस्टल और कारतूस भरा मैगजीन बरामद किया है। थानाध्यक्ष इरफान खान ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। एफएसएल की टीम मौके से साक्ष्यों का नमूना एकत्र कर उन्हें जांच के लिए ले गई। डॉग स्क्वॉयड टीम भी साक्ष्य एकत्र कर रही है।