चोरों ने हज़ारीबाग जिले के चौपारण और बरही में भी पांच स्कूलों को अपना निशाना बनाया था
Koderma News: तिलैया डैम ओ०पी० अन्तर्गत ग्राम-चरकी पहरी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चरकी पहरी एवं ग्राम-कांको स्थित उत्क्रमित +2 हाई स्कूल, जयपुर कॉको से अज्ञात चोरों के द्वारा स्कूल का कम्प्यूटर, फैन, गैस सिलेण्डर, वर्तन आदि सामग्रियों की चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने उद्भदेन करते हुए 9 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार लोगों में दिलीप कुमार (20), पोखन कुमार उर्फ गणेश कुमार (24 ),विक्रम कुमार (18 ), अजय कुमार सिंह (20), विकास कुमार ( 22), अंकित कुमार शर्मा ( 30), अनिल कुमार वर्णवाल (34), देवनारायण कुमार (34 ) और अजीत कुमार पंडित (20) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 पीस कंप्यूटर सिस्टम, चार पीस माउस, आठ पीस की बोर्ड, एक पीस सीपीयू और छह गैस सिलेंडर बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि चाेरी के मामले को लेकर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में टीम का गठन किया था। इसी दौरान पांच फरवरी को चंदवारा थाना क्षेत्र के महुआदोहर से कांड में शामिल पांच आराेपित को चोरी के सामानों के साथ गिरफ्तार किया गया और उनके निशानदेही पर सामान खरीदने वाले चार आराेपिताें को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में अंकित कुमार शर्मा के पास से 12 कंप्यूटर सिस्टम, अनिल कुमार वर्णवाल के पास से छह गैस सिलेंडर, देवनारायण कुमार के पास से फिंगर प्रिंट मशीन और अजीत कुमार पंडित के पास से बैटरी बरामद किया गया है। पुलिस के जरिये पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने बताया कि सभी सामान दिलीप कुमार के जरिये इन्हें बेचा गया था।
पकड़े गए आरोपितों में दिलीप कुमार, पोखर कुमार उर्फ गणेश, अजय कुमार सिंह, विक्रम कुमार और विकास कुमार ने 23 दिसंबर, 21 जनवरी, 23 जनवरी , 24 जनवरी को चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ स्कूल, रामपुर स्कूल, मध्य विद्यालय रामपुर एवं हाई स्कूल टोईया और 31 जनवरी को बरही थाना क्षेत्र के तेतरिया भंडारों स्कूल में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है।
आरोपितों ने बताया कि चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त राशि को पांचों ने आपस में बंटवारा कर लिया था। एसपी ने बताया कि उपरोक्त चोरों ने हज़ारीबाग जिले के चौपारण और बरही में भी पांच स्कूलों को अपना निशाना बनाया था।
जिले के स्कूल के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र के चरकी पहरी और कांको स्थित सरकारी स्कूल से अज्ञात चोरों ने स्कूल का कंप्यूटर, पंखा, गैस सिलेंडर, बर्तन आदि सामानों की चोरी कर ली थी।

