बेगूसराय।
स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कृषि विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि 70 साल बाद देश के अन्नदाताओं को बिचौलियों के चंगुल से मुक्ति दिलाने का काम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। प्रधानमंत्री किसानों को लुभाने वाली घोषणा के बजाय कृषि क्षेत्र को समृद्ध और किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण कृषि क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन आएगा। कृषि क्षेत्र में निजी निवेश होने से विकास की गति तेज होगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, कृषि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होने से देश की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इसके पहले पीएम किसान सम्मान निधि से 10. 62 करोड़ , सॉइल हेल्थ कार्ड से 22. 41 करोड़, पीएम फसल बीमा योजना से 7.93 करोड़ और इनाम से 1 .67 करोड़ किसानों को लाभ दिया है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष किसानों को भ्रमित कर रहा है। उनके द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अनाज की खरीदारी बंद हो जाएगी। किसान बाजार समितियों से बाहर अनाज बेचेंगे तो मंडी समाप्त हो जाएगी। अनुबंधित कृषि समझौते से किसानों का पक्ष कमजोर होगा और वह कीमतों का निर्धारण नहीं कर पाएंगे। जबकि हकीकत यह है कि सरकार ने एमएसपी को जारी रखने का फैसला किया है। मंदी समाप्त नहीं होगी। किसान अपनी इच्छा अनुसार दाम तय कर उपज भेज सकेंगे। इस बिल के जरिए किसानों का एक देश एक बाजार का सपना पूरा होगा।

