रांची। आरपीएफ की टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से 68 किलो गांजा के साथ पांच आरोपित को गिरफ्तार कर जीआरपी के हवाले कर दिया है। बरामद गांजा की कीमत करीब 4.10 लाख बताई गई है। गिरफ्तार आरोपितो में गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के शशि शेखर कुमार और विवेक भारती तथा भागलपुर जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र के सोमनाथ कुमार, अभिलेष कुमार और जिन्नो कुमार मंडल शामिल है।
गांजा की खेप उड़ीसा राज्य के राउरकेला के अंगूल से नोएडा ले जाया जा रहा था। जीआरपी ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार आरोपितो की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हटिया आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी आरोपितो को जेल भेज दिया गया है।

