दुमका।
गोपीकांदर थाना क्षेत्र के दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग स्थित धोबरना गांव के पास शुक्रवार को हुए ऑटो दुर्घटना में 19 वर्षीय महिला फातिमा बीवी की मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में घायल महिला की 4 वर्षीय बेटी रोशनी खातून की हालत गंभीर है।ऑटो पर सवार अन्य यात्री भी जख्मी है। पुलिस ने रोशनी खातून सहित अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
महिला के ससुर जाकिर अंसारी ने बताया कि तीन बच्चे सहित 7 यात्री महेशपुर से अमड़ापाड़ा आने वाली ऑटो पर रोला ग्राम के पास बैठे थे। धोबरना डाउन में चालक के नियंत्रण खो देने के कारण सड़क पर ही ऑटो पलट गई। इससे महिला का सिर कुचल गया। वही रोशनी की भी सर पर गहरी चोट लगी है। उन्होंने बताया कि उसकी पतोहू फातिमा ऑटो पर किनारे बैठी थी और बच्ची उसकी गोद में थी। बाकी को आंशिक चोट लगी है।


