लोहरदगा।
बगड़ू थाना क्षेत्र के बेठहठ गिरिजा टोली में मंगलवार की रात हुए युवक राजेश उरांव की हुई हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित पत्नी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी जप्त कर लिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर चंद्र मोहन हांसदा ने बताया कि राजेश उरांव 35 वर्ष की हत्या उसकी पत्नी सरिता उरांव ने टांगी से की थी। राजेश उरांव लकड़ी काटकर बेचने का काम करता था। इससे मिलने वाले पैसे से वह प्रतिदिन शराब पीकर घर लौटता था और पत्नी के साथ मारपीट करता था। इससे उसकी पत्नी सरिता परेशान रहती थी। मंगलवार की रात खाना खाने के बाद राजेश सो गया था। इस क्रम में पत्नी ने अपने पति की टांगी से गला काट कर हत्या कर दी। फिर हत्या को अलग रूप देने की कोशिश की गई थी।
उन्होंने बताया कि शक के आधार पर पुलिस मृतक की पत्नी से पूछताछ करती रही। अंततः शुक्रवार को पत्नी ने हत्या का खुलासा करते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। सरिता के जेल जाने के बाद उसके तीन नाबालिग बच्चे बेसहारा हो गए हैं।
