सिवान।
मानवता को शर्मसार करते हुए रिश्ते में 40 वर्षीय चाचा ने चॉकलेट देकर 5 साल की मासूम बच्ची को जबरन ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी। मासूम बच्ची सोमवार की शाम से गायब थी। इस मामले में गिरफ्तार दुष्कर्मी हत्यारे की निशानदेही पर मंगलवार की सुबह अल्लापुर काली माता स्थान के समीप पर प्रहलाद सिंह के बगीचे से मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया है। आरोपित प्रदीप सिंह ने पुलिस के समक्ष बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या की बात स्वीकार की है। इस निर्मम घटना ने सब को झकझोर कर रख दिया है।
घटना से इलाके के लोग काफी आक्रोशित हो गए हैं। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस बल पर पथराव किया, जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी अनुसार आरोपी प्रदीप 3 दिन पहले अपने मामा भुटाई सिंह के घर आया था और वह शराबी प्रवृत्ति का है। मृत बच्ची के पिता और दुष्कर्मी आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। सोमवार की दोपहर से ही दुष्कर्मी बच्ची के साथ खेल रहा था। चॉकलेट के लिए पैसे दे रहा था। शाम को मां पुष्पा देवी खाना बनाने में लग गई। इसके बाद वह बच्ची को खोजने लगी। तभी प्रदीप बाहर से घर लौटा तो उसके कपड़े कीचड़ से सने थे। जब पुष्पा देवी ने आरोपी से पूछा तो वह उल्टा अनाप-शनाप बकने लगा। इससे शंका के घेरे में आ गया। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की। तब उसने अपराध स्वीकार किया। बताया जाता है कि आरोपित अपनी पत्नी और साले की हत्या का भी आरोपी है।


