Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में रविवार को सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली। जिले के मनातू और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके काश और बंशी खुर्द जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली कमांडर मुखदेव यादव उर्फ तूफानी मारा गया। घटनास्थल से उसका शव और एक इंसास राइफल बरामद की गई है।
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। यह वही नक्सली दस्ता है, जिसके साथ 03 सितंबर की रात मुठभेड़ में पलामू पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे। उस घटना के बाद से ही पुलिस और सीआरपीएफ की टीम लगातार अभियान चला रही थी।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने 10 लाख के इनामी नक्सली शशिकांत और उसके दस्ते की तलाश में विशेष अभियान शुरू किया था। इस अभियान में कोबरा, जगुआर और पलामू पुलिस की टीमें तैनात की गई थीं। अभियान के दौरान जैसे ही सुरक्षाबल मनातू के घने जंगलों में दाखिल हुए, वहां पहले से घात लगाए बैठे टीएसपीसी के उग्रवादियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और भीषण मुठभेड़ के बाद मुखदेव ढेर हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुखदेव यादव टीएसपीसी का सक्रिय कमांडर था और कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है। उसके मारे जाने से संगठन को बड़ा झटका लगा है। वहीं, इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
यह मुठभेड़ सुरक्षाबलों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है क्योंकि लंबे समय से मुखदेव की तलाश की जा रही थी।


