Hazaribag News:- कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण स्थल पर बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जब वार्ड संख्या 24 के रहने वाले मुकेश राम (तीन बच्चों के पिता) की गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर कृष्ण कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कार्य कराया जा रहा था। भारी बारिश के कारण करीब 10-12 फीट गहरा गड्ढा पानी से भर गया था, लेकिन वहां कोई भी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो वहां बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। इससे पहले भी इसी गड्ढे में एक मवेशी की जान जा चुकी है। दो दिन पहले दो छोटे बच्चे भी उसी गड्ढे में गिर गए थे, जिन्हें समय रहते बचा लिया गया था।
मुकेश राम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। इसके साथ ही मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की गई है।
लोगों ने बताया कि पहले भी उन्होंने कंपनी को चेतावनी दी थी कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया और जवाब दिया कि “ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।”
हादसे के कई घंटे बाद तक कंपनी की ओर से कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में और रोष व्याप्त है।
फिलहाल मौके पर कटकमदाग थाना पुलिस और रेलवे पुलिस बल मौजूद हैं। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


