Khunti News:- खूंटी–सिमडेगा मुख्य मार्ग पर तोरपा थाना क्षेत्र के डोड़मा बाजार टांड़ के पास बुधवार देर रात करीब 11 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में आरसी चर्च के एक फादर समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान डोड़मा विशुनपुर आरसी चर्च के फादर सुशील प्रवीण तिड़ू और डोड़मा गांव निवासी सुनील भेंगरा के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में जॉनसन भेंगरा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फादर सुशील प्रवीण तिड़ू, फादर जॉनसन भेंगरा और सुनील भेंगरा एक कार से तोरपा से डोड़मा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डोड़मा बाजार टांड़ के पास उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सदर अस्पताल, खूंटी पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने फादर सुशील प्रवीण तिड़ू और सुनील भेंगरा को मृत घोषित कर दिया। फादर जॉनसन भेंगरा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक की भूमिका और दुर्घटना की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है। इस दर्दनाक हादसे से चर्च समुदाय और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है।
