Australia News:- ऑस्ट्रेलिया सरकार ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए यूट्यूब का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। इससे पहले यूट्यूब को इस पाबंदी से छूट मिली हुई थी, लेकिन सरकार ने अब इसे भी शामिल कर लिया है। यह नया नियम 10 दिसंबर से लागू होगा। सरकार ने पहले ही फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट और एक्स (पूर्व ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए बैन लागू कर रखा है। अब यूट्यूब को भी इस सूची में शामिल कर दिया गया है। हालांकि, यूट्यूब किड्स इस प्रतिबंध से मुक्त रहेगा, क्योंकि इसे बच्चों के लिए सुरक्षित माना गया है। यूट्यूब किड्स पर बच्चे वीडियो देख सकते हैं, लेकिन वीडियो अपलोड नहीं कर सकते।
ऑस्ट्रेलिया की संचार मंत्री अनिका वेल्स ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि यह निर्णय ई-सेफ्टी कमिश्नर की सिफारिश पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि “10 में से 4 ऑस्ट्रेलियाई बच्चों ने बताया है कि उन्हें सबसे ज्यादा नुकसान यूट्यूब से हुआ है। सरकार अब सोशल मीडिया कंपनियों से डरने वाली नहीं है। हम माता-पिता और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं।”
सरकार की चेतावनी है कि यदि 16 साल से कम उम्र के बच्चों का यूट्यूब अकाउंट पाया गया या किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गतिविधि मिली तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह निर्णय न केवल ऑस्ट्रेलिया के लिए, बल्कि दुनिया के अन्य देशों के लिए भी एक मॉडल बन सकता है। उल्लेखनीय है कि नवंबर 2023 में यह बैन विधेयक पक्ष-विपक्ष दोनों के समर्थन से संसद में पास हुआ था। ऑस्ट्रेलिया यह कानून पारित करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।

