Patna News:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दरभंगा जिले के केवटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी जनसभा में विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए और कांग्रेस-राजद पर तीखा हमला बोला। वे भाजपा उम्मीदवार मुरारी मोहन झा समेत राजग के सभी प्रत्याशियों के समर्थन में बोल रहे थे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आईएनडीआईए गठबंधन पारिवारिक माफिया का समर्थन कर रहा है और घुसपैठियों को बढ़ावा देकर बिहार की सुरक्षा को कमजोर करने का काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भगवान राम और माता जानकी के अस्तित्व पर सवाल उठाकर लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई थी और अदालत में उनके अस्तित्व को नकारते हुए हलफनामा दायर किया था।
राजद शासन को याद करते हुए योगी ने कहा कि उस समय बिहार में 70 से अधिक नरसंहार हुए। बेटियों और व्यापारियों को असुरक्षित महसूस कराया गया और कानून-व्यवस्था को बंदूक की नोक पर चलाया गया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि आईएनडीआईए गठबंधन के तीन ‘नए बंदर’ हैं – पप्पू, टप्पू और अप्पू, जो न सच बोलते हैं, न सच देखते हैं और न ही सच सुनते हैं।
योगी ने दावा किया कि राजग सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं देकर सामाजिक न्याय को लागू किया है। जबकि 2005 से पहले राजद-कांग्रेस शासन में गरीबों को सरकारी योजनाओं से वंचित रखा जाता था।
कश्मीर मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने कश्मीर को विवादित बनाया, जबकि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के प्रयासों से कश्मीर आतंकवाद से मुक्त हो चुका है। अब कोई भी भारतीय कश्मीर जाकर शांति से रह सकता है।
अंत में योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि वे असामाजिक तत्वों को सत्ता में लौटने से रोकें और केवटी से राजग उम्मीदवार मुरारी मोहन झा को जिताएं, जिससे नीतीश कुमार के नेतृत्व में दोबारा राजग की मजबूत सरकार बन सके।

