Hazaribag News:- हजारीबाग के ओकनी मुहल्ले में एक युवक की रहस्यमय मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक की पहचान राजा के रूप में हुई है, जिसकी लाश बुधवार को उसके घर में फंदे से झूलती मिली थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन राजा का शव लोहसिंघना थाना लेकर पहुंचे और थाने के सामने सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। परिजनों ने राजा की पत्नी रानी पर हत्या का आरोप लगाया और न्याय की मांग की। मृतक की मां आशा देवी ने थाने में दर्ज कराए आवेदन में कहा कि राजा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। उन्होंने दावा किया कि यह पूरी घटना आत्महत्या का रूप देने की कोशिश है। परिजनों का यह भी कहना है कि राजा की पत्नी रानी पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी हैं। वह नाच-गाने का काम करती थी और काम पर बाहर जाती थी, वहीं राजा बच्चों की देखभाल करता था।
करीब 10 महीने पहले दोनों ने शादी की थी और ओकनी मुहल्ले में साथ रहने लगे थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद राजा को पता चला कि रानी का किसी और से संबंध है, जिससे दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया। इसी बीच राजा की मौत की सूचना मिली, जिसे परिजन हत्या मान रहे हैं।
परिजन इस बात से भी नाराज हैं कि उन्होंने आरोपी पत्नी को पुलिस के हवाले किया था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया। थाना प्रभारी फुनू यादव ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

