Chaibasa News: जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सात दिन के नवजात की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद सनसनी फैल गई। आरोप है कि नवजात की उसकी मां ने ही गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के एक सुनसान दलदली इलाके में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब नवजात के अचानक गायब होने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीणों को आशंका थी कि बच्चे को कहीं बेच दिया गया है। इसके बाद मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सोमवार को गांव में विशेष ग्रामसभा बुलाई गई।

गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में महिला से नवजात के गायब होने को लेकर पूछताछ की गई। ग्रामीणों के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने नवजात की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि 26 सितंबर की सुबह उसने कथित तौर पर नवजात का गला दबा दिया था। इसके बाद शव को पुटीसाल के दलदली क्षेत्र में ले जाकर जमीन में दफना दिया।
महिला के बयान के बाद ग्रामीण उसके साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे। उसकी निशानदेही पर जमीन की खुदाई की गई, जहां से नवजात का शव बाहर निकाला गया। ग्रामीणों के अनुसार, शव मिलने के बाद उसे दोबारा उसी स्थान पर दफना दिया गया। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई और महिला के कथित कबूलनामे की पुलिस स्तर पर स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, महिला के घर 22 सितंबर को नवजात का जन्म हुआ था। आरोप है कि जन्म के महज चार दिन बाद ही उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद महिला कुछ दिनों के लिए गांव से बाहर चली गई थी। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
बताया गया कि ग्रामीणों ने महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया। इस कार्रवाई के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नवजात की मौत की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।


