Seraikela News:- झारखंड के सरायकेला जिले में एक बार फिर पशु तस्करी की कोशिश ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हो गई। घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के रंगामटिया गांव की है, जहां शनिवार देर रात ग्रामीणों ने एक संदिग्ध वाहन को रोक लिया। वाहन में तीन बैल अवैध रूप से लदे हुए थे, जिन्हें तस्कर किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों को देर रात गांव के पास से एक पिकअप वैन गुजरने की आवाज सुनाई दी। संदेह होने पर उन्होंने वाहन को रोका और जांच की तो तीन बैल बंधे मिले। मौके पर भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। गुस्साए ग्रामीणों ने बैलों को मुक्त कराकर वाहन में आग लगा दी।
घटना की सूचना पर सरायकेला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया और सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जले हुए वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सख्ती के बावजूद तस्कर अब गांव के कच्चे रास्तों और सुनसान इलाकों से होकर मवेशियों की ढुलाई कर रहे हैं, ताकि जांच से बचा जा सके। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस रात में गश्त बढ़ाए और पशु तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
वहीं, पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि फरार तस्करों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से ग्रामीणों में गुस्सा तो है, लेकिन साथ ही इस बात की संतुष्टि भी कि उनकी सतर्कता से मवेशियों की जान बच गई।

