Koderma News:: के मैदान में शुक्रवार को सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद अन्नपूर्णा देवी मौजूद थीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो और जमुआ विधायक मंजु देवी भी मंच पर उपस्थित रहे।
महोत्सव का उद्घाटन एक रोमांचक फुटबॉल मैच से हुआ, जिसमें कोडरमा और गिरिडीह की टीमों के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल दिखाया और स्कोर 1-1 से बराबर रहा। दूसरे हाफ में खेल का रुख पलटा और कोडरमा की टीम ने लगातार दो गोल दाग दिए। गिरिडीह की ओर से एक गोल और किया गया, लेकिन आखिरकार कोडरमा की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की। दर्शक इस मुकाबले में खिलाड़ियों की रणनीति और संघर्ष से खासे उत्साहित दिखे।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस मौके पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता न केवल ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है, बल्कि इससे प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के जरिये अलग-अलग खेलों में युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और यही खिलाड़ी आगे चलकर राज्य और देश का नाम रौशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अनुशासन और लगन के साथ मेहनत करें और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य बनाएं।
मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद थे। प्रमुख रूप से सत्यनारायण यादव, मयंक कुमार, सांसद प्रतिनिधि सुजीत मेहता, महेंद्र वर्मा, प्रेमांशु कुमार, मिथलेश यादव, श्यामसुंदर यादव, संजय मेहता और प्रिंस सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।

