Nalanda News:- नालंदा जिले में शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना इस्लामपुर-खुदागंज मुख्य सड़क मार्ग पर पनहर गांव के पास हुई, जब चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे और अनियंत्रित होकर उनकी बाइक बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में खुदागंज थाना क्षेत्र के बरदाहा गांव निवासी 19 वर्षीय गणेश कुमार (पिता योगेन्द्र बिंद) और 27 वर्षीय मंटू बिंद (पिता नायक बिंद) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायलों में बरदाहा गांव का अखिलेश कुमार और अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र का मुकेन्द्र बिंद शामिल हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इस्लामपुर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, मंटू बिंद का जीजा मुकेन्द्र बिंद शुक्रवार की रात पटना से ट्रेन द्वारा इस्लामपुर आया था। उसे लेने के लिए मंटू अपने चचेरे भाई गणेश के साथ बाइक से स्टेशन गया था। लौटते समय सभी चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बरदाहा गांव लौट रहे थे। रास्ते में पनहर गांव के समीप बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह बिजली के पोल से टकरा गई। इसके बाद सभी युवक सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही खुदागंज थाना अध्यक्ष रवि कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। उन्होंने परिजनों के इस आरोप को खारिज किया कि पुलिस गश्ती दल ने बाइक रोकने की कोशिश की थी। थाना अध्यक्ष के अनुसार हादसा पूरी तरह बाइक पर चार सवार होने और संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20-20 हजार रुपये का चेक और पंचायत मुखिया रंजीत मिस्त्री ने कबीर अंत्येष्टि योजना से 3-3 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

