Motihari News: जिले के छौड़ादानो थाना क्षेत्र अंतर्गत बेला चमही गांव में जितिया स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जितिया पर्व के अवसर पर गांव की महिलाएं अपनी बच्चियों के साथ तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। इन्हीं में से बेला चमही गांव निवासी सत्य नारायण राय की 9 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी और मुकेश कुमार की 7 वर्षीय पुत्री नीरू कुमारी भी अपनी मां के साथ तालाब गईं। स्नान के दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला और आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चियों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।मृतका नीरू अपने चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी और गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। वहीं, अंशु चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर थी और गांव के सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ती थी। इतनी कम उम्र में दोनों बच्चियों का इस तरह चले जाना परिवार के लिए गहरा सदमा है।
घटना की सूचना मिलते ही छौड़ादानो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अगर तालाब पर सुरक्षा की उचित व्यवस्था होती तो इस तरह की दुखद घटना टल सकती थी। फिलहाल पूरे गांव में गमगीन माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।

