Devgarh News:- झारखंड के देवघर जिले की पुलिस ने शुक्रवार को दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एक बाइक बरामद की गई है। दोनों को देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इनका संबंध किसी बड़े साइबर ठग गिरोह से तो नहीं है।
देवघर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन कुमार चौधरी और विजय कुमार चौधरी के रूप में की गई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं और रिखिया थाना क्षेत्र के भुरभुरा मोड़, वार्ड नंबर 22, हनुमान मंदिर के पास के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, विजय कुमार चौधरी पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
देवघर के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार ने बताया कि पीड़ित राकेश रोशन द्वारा 16 अक्टूबर को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई। शिकायत में कहा गया था कि 15 सितंबर की रात दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनका मोबाइल छीन लिया। उसी मोबाइल से उनके खाते से 80,000 रुपये अमन कुमार चौधरी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए, जबकि अगले दिन पीड़ित की पत्नी के खाते से 11,418 रुपये एक अन्य खाते में भेजे गए।
पीड़ित द्वारा अपने स्तर पर की गई जांच में सामने आया कि इस वारदात को अमन कुमार चौधरी ने अपने छोटे भाई विजय कुमार चौधरी के साथ मिलकर अंजाम दिया।
शिकायत के आधार पर देवघर साइबर थाना की टीम ने त्वरित छापेमारी कर दोनों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किसी संगठित साइबर गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
देवघर एसपी ने कहा कि जिले में साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

